अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अपनी सास डेनिस जोनस को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। प्रियंका ने अपनी सासू मां के साथ इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की है। बता दें कि प्रियंका ने पॉप स्टार निक जोनस संग शादी रचाई है।
प्रियंका द्वारा शेयर की गई तस्वीर में वह डेनिस के साथ पोज देती नजर आ रही हैं। एक में दोनों ब्लैक परिधान में एक टेबल के सामने बैठे हुए कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुरा रही हैं और दूसरी तस्वीर में दोनों सफेद रंग की टी—शर्ट पहने एक—दूसरे को गले लगाते हुए दिखाई दे रही हैं।
प्रियंका ने सोमवार देर रात को अपने इंस्टाग्राम पेज पर इन तस्वीरों को शेयर किया है। इसके साथ वह लिखती हैं, ''जन्मदिन मुबारक हो मामाडीजोनस! अपनी जिंदगी में आपको पाकर मैं धन्य हूं। आपको आज के दिन ढेर सारा प्यार और खूब सारी खुशियां। हमें साथ में और तस्वीरें खिंचवाने की जरूरत है।''
प्रियंका का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर लोगों को खूब भा रहा है। इसे अब तक 5.7 लाख से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं।
निक जोनस ने भी मां के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज में वह अपनी मां के साथ वाली एक तस्वीर को शेयर करते हुए लिखते हैं, ''हैप्पी बर्थडे मॉम! लव यू।''

Comments
Post a Comment