एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने हाल ही में बताया है कि पुलिस विभाग में कुल 13800 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए लगभग 12 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। जिसमें सब इंस्पेक्टर एवं समकक्ष के 9534 पद, पुलिस की रेडियो शाखा में विभिन्न स्तरों के 2244 पद, कार्यालय स्टाफ के 1329 पद और कंप्यूटर ऑपरेटर के 693 पद शामिल हैं। इसके अलावा मृतक आश्रित कोटे के तहत 2281 पदों पर भर्ती की जा चुकी है और 409 पदों के लिए चयन प्रक्रिया जारी है। प्रशांत कुमार ने बताया कि इसके लिए लिखित परीक्षा अक्टूबर 2021 में आयोजित कराए जाने की संभावना है और इसका रिजल्ट दिसंबर तक घोषित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कार्यालय स्टाफ के 1329 पदों पर भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अभी 15 जुलाई है। रेडियो शाखा के विभिन्न स्तरों के 2244 पदों तथा कम्प्यूटर आपरेटर के 693 पदों के संबंध में जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से किसी भी विषय में बैचलर्स की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही टाइपिंग और शॉर्टहैंड की जानकारी होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु 21 साल से 28 साल के बीच होनी चाहिए। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इन पदों के लिए 15 जुलाई तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यूपी पुलिस भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।

Comments
Post a Comment