लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक 'पवित्र रिश्ता' के दूसरे सीजन में अभिनेता शहीर शेख दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत द्वारा निभाए गए किरदार को निभाते नजर आएंगे। शो के कास्टिंग डायरेक्टर ने इसकी पुष्टि कर दी है।
इस सीजन को डिजिटली रिलीज किया जाएगा, जिसमें अंकिता लोखंडे और उषा नाडकर्णी अपनी पुरानी भूमिकाओं को दोहराते नजर आएंगे। इस शो को सबसे पहले साल 2009 में प्रसारित किया गया था। अब यह तय है कि शहीर ही मानव के किरदार को निभाएंगे, जिसे सुशांत ने पहले निभाया था।
अपने दिए एक इंटरव्यू में शो के कास्टिंग डायरेक्टर आदित्य सुराना ने कहा है, '''पवित्र रिश्ता 2.0' पूरी तरह से डिजिटल है। सच कहूं तो यह सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि शो में शामिल हर एक कलाकार के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। जब हम पहले ही कुछ देख चुके होते हैं, तो यह अपने आप में ही एक बेंचमार्क बन जाता है। अगर यह एक नया शो होता, तो हम जो कुछ भी करते लोगों के लिए सब कुछ नया होता, लेकिन अब पहले से ही हम सबके पास एक बेंचमार्क है।''
एकता कपूर द्वारा प्रोड्यूस किए जा रहे इस शो को लेकर उन्होंने आगे कहा, ''सीजन में अंकिता अर्चना के अपने किरदार को निभाएंगी और उषा मैम अपने किरदार को निभाती दिखेंगी। हम इन्हें पहले भी देख चुके हैं और खूब प्यार भी दिया है। लेकिन बाकी कलाकारों के लिए यह एक चैलेंज है। खासकर मानव के लिए, शहीर को अपने किरदार पर खरा उतरने और पहले से बनाई हुई जगह पर बसने के लिए काफी मेहनत करनी होगी। साथ ही यह शो के डायरेक्टर्स के लिए भी एक चुनौती है।''

Comments
Post a Comment