आज इस खास मौके पर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी योग के अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा कर इस ओर लोगों का ध्यान आकर्षण कर रहे हैं। इस श्रेणी में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर भी शामिल हैं।
अनुपम खेर में इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर की हैं, जिसमें वह ध्यान मुद्रा में बैठे नजर आ रहे हैं। अपने पोस्ट के कैप्शन में अभिनेता ने लिखा है, ''मेरे व्यक्तिगत जीवन में योग ने न केवल शारीरिक रूप से मुझे संतुलित रखा है। बल्कि मुझे हर स्थिति से जूझने का मानसिक बल भी दिया है। आप सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। विश्व को भारत की यह भेंट अद्वितीय है। जय हिंद।''
बता दें कि इससे एक दिन पहले बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी योग की अपनी कहानी को साझा करते हुए बताया था कि योगाभ्यास की मदद से उनके माता—पिता की सेहत अभी काफी सुधर गई है। एक समय में डॉक्टर्स ने उनकी मां को मधुमेह सहित और भी कई बीमारियों के चलते ब्लॉकेज होने की स्थिति में ओपेन हार्ट सर्जरी कराने की सलाह दी थी, लेकिन कंगना ने अपनी मां से वादा किया था कि वह ऐसा बिल्कुल नहीं होने देंगी और अपने परिवार का रुख योग की तरफ कर उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों का हल कर दिया है।

Comments
Post a Comment